हज़ारों समर्थकों के साथ जसबीर सिंह ने दाखिल किया नामांकन,क्या बिल्हा में इस बार पंजे और कमल पर भारी पड़ेगा झाड़ू?

बिलासपुर। बिल्हा विधानसभा से आम आदमी पार्टी के विधायक प्रत्याशी जसबीर सिंह ने अपने हज़ारों समर्थकों के साथ पहुंचकर आज नामांकन फॉर्म दाखिल किया। नामांकन दाखिल करने से पहले जसबीर सिंह ने माता पिता और क्षेत्र की जनता का आशीर्वाद लिया। नेहरू नगर से विशाल रैली के रूप में निकलकर वे पैदल ही नामांकन स्थल पहुंचें।

मीडिया से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि “आम आदमी पार्टी शिक्षा स्वास्थ्य और रोज़गार के लिए जानी जाती है। दिल्ली में आम आदमी पार्टी के अच्छे कामों को देखकर ही वहां की जनता ने अरविन्द केजरीवाल को 3 बार मुख्यमंत्री बनाया। पंजाब में पार्टी ने 92 सीटें जीतकर सरकार बनाई है। गुजरात चुनाव में जनता ने आम आदमी पार्टी को 42 लाख वोट दिए थे। इससे साफ़ जाहिर है कि लोग अब भाजपा काँग्रेस से ऊब चुके हैं और अब वादों को पूरा न करने वाली पार्टियों को छत्तीसगढ़ की जनता नकारेगी और आम आदमी पार्टी को चुनेगी।”

उन्होंने कहा कि “बिल्हा की जनता ने 10 साल भाजपा को मौका दिया और 5 साल काँग्रेस को लेकिन दोनों ही पार्टी की सरकारों ने बिल्हा की जनता के लिए कुछ नहीं किया। इसीलिए बिल्हा की जनता इस बार झाड़ू छाप में बटन दबाएगी।” उन्होंने दावा किया कि एक लाख से अधिक वोटों के साथ बिल्हा के लोग उन्हें जिताएंगे।

रैली के दौरान निधि चावला, डॉ. किरण पाल सिंह चावला, सुरिंदर सिंह चावल, मुख्य प्रदेश प्रवक्ता सूरज उपाध्याय, प्रदेश सचिव एडवोकेट प्रियांका शुक्ला, लोकसभा अध्यक्ष अरुण नायर,
जिला इकाई से जिला अध्यक्ष खगेश चंद्राकर, सचिव प्रमोद पटेल, ओबीसी विंग संयुक्त सचिव गोपाल यादव एवं समस्त पदाधिकारी व भारी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *